मुंबई, 14 सितंबर (आईएएनएस) तेलुगु स्टार नानी ने अब तक कई अलग-अलग तरह के किरदार पर्दे पर निभाए हैं लेकिन उनकी अगली फिल्म 'द पैराडाइज' में उनका अंदाज कुछ हटकर होने वाला है। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में एक्शन पर काम करने वाले मशहूर स्टंट कोरियोग्राफर्स राम लक्ष्मण ने बताया कि 'द पैराडाइज' में नानी की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दसरा' के मुकाबले करीब तीन गुना ज्यादा एक्शन देखने को मिलेगा।
फिल्म के मेकर्स की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राम लक्ष्मण ने 'द पैराडाइज' के एक्शन सीक्वेंस से जुड़ी कई दिलचस्प बातें शेयर कीं। उन्होंने बताया कि फिल्म के एक्शन पर उन्होंने स्टंट मास्टर्स नबाकांत और रियल सतीश के साथ मिलकर काम किया है। टीम ने फिल्म के लिए दो बड़े एक्शन ब्लॉक तैयार किए हैं, जिन पर काफी समय लगाया गया है।
स्टंट कोरियोग्राफर राम लक्ष्मण ने कहा, 'द पैराडाइज' में नानी जिस तरह का एक्शन करते नजर आएंगे, वह उनके पिछले काम से काफी अलग है। फिल्म के एक्शन सीन काफी हैवी हैं और इनमें 'दसरा' की तुलना में तीन गुना ज्यादा एक्शन रखा गया है। नानी ने इससे पहले इस स्तर पर एक्शन नहीं किया है। ऐसे में फिल्म में उनका एक नया अवतार देखने को मिलेगा।''
नानी की तारीफ करते हुए स्टंट कोरियोग्राफर ने कहा, ''एक्टर ने फिल्म के लिए अपना 100 प्रतिशत दिया। नानी हर सीन को बेहतर तरीके से करने के लिए ज्यादा से ज्यादा टेक देने के लिए तैयार रहते थे। हमें खुद उम्मीद नहीं थी कि नानी फिल्म के लिए इतनी मेहनत करेंगे। फिल्म के कुछ एक्शन सीक्वेंस ऐसे थे, जिनके लिए नानी को एक्टिंग के साथ-साथ अपनी बॉडी पर भी काम करना पड़ा। उन्हें अपनी डाइट में बदलाव कर किरदार के हिसाब से बॉडी तैयार करनी पड़ी।''
स्टंट मास्टर ने कहा, ''नानी ने निर्देशक श्रीकांत ओडेला के विजन के साथ पूरा न्याय किया है और मुझे खुशी है कि वे इस फिल्म का हिस्सा बने हैं। एक्शन ब्लॉक को पूरा करने में करीब 10 दिन का समय लगा। 'द पैराडाइज' की पूरी दुनिया में दर्शकों को कुछ नया देखने को मिलेगा। नानी की बॉडी लैंग्वेज अलग होगी, फिल्म में नए तरह के लोग दिखाई देंगे और एक्शन को भी एक अलग अंदाज में पेश किया जाएगा।''
फाइट मास्टर्स के बीच बढ़ती प्रतियोगिता को लेकर सवाल पूछे जाने पर राम लक्ष्मण ने कहा, ''प्रतियोगिता होने से क्रिएटिविटी बढ़ती है और लोगों के अंदर कुछ नया करने की इच्छा पैदा होती है। हम अपने काम को ईमानदारी और पूरी एकाग्रता के साथ करते हैं।''
--आईएएनएस
पीके/पीएम







