Election Commission Controversy : सीएम ममता बनर्जी का चुनाव आयोग पर बयान मानसिक दिवालियापन की पहचान: माधव आनंद

चुनाव आयोग विवाद पर माधव आनंद का पलटवार, ममता बनर्जी पर साधा निशाना
सीएम ममता बनर्जी का चुनाव आयोग पर बयान मानसिक दिवालियापन की पहचान: माधव आनंद

पटना: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चुनाव आयोग को घमंडी और बेईमान बताए जाने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। इस बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के नेता माधव आनंद ने मंगलवार को सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधा।

माधव आनंद ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "चुनाव आयोग एक स्वायत्त संस्था है। मुझे लगता है कि जिस चुनाव आयोग की प्रशंसा पूरे विश्व में हो रही है कि भारत जैसे बड़े लोकतंत्र में चुनाव आयोग पूरी निष्पक्षता से चुनाव कराता है, ऐसी स्वायत्त संस्था पर इस तरह का आरोप लगाना कहीं न कहीं उनके मानसिक दिवालियापन को दिखाता है।"

उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग के अलावा अन्य जितनी भी स्वायत्त संस्था हैं, जिनमें सीबीआई, ईडी या आईबी हो, उनपर सवाल नहीं उठाना चाहिए। मेरे हिसाब से सीएम ममता बनर्जी समझ चुकी हैं कि वह चुनाव हार रही हैं। यही कारण है कि वे सभी स्वायत्त संस्था पर सवाल उठा रही हैं और इस तरह का आरोप लगा रही हैं।"

माधव आनंद ने भाजपा द्वारा लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सदन की अवहेलना का आरोप लगाने को लेकर कहा, "मुझे लगता है कि राहुल गांधी को सदन की प्रक्रिया का ज्ञान नहीं है। जब भी सदन चलता है, तो राहुल गांधी इस तरह की उल्टी-सीधी हरकत करते रहते हैं। वे इन्हीं हरकतों के लिए पहचाने जाते हैं। ऐसी ही कुछ स्थिति तेजस्वी यादव की भी है।"

उन्होंने आगे कहा, "दोनों की दोस्ती सिर्फ इसी तरह नहीं है। बिहार विधानसभा में जो स्थिति विपक्ष के नेता के तौर पर तेजस्वी यादव की है, वही लोकसभा में राहुल गांधी की है। राहुल गांधी अपने आप को तानाशाह समझते हैं। वे खुद को ही ब्रह्मा, विष्णु और महेश समझते हैं, लेकिन वास्तविक बात है कि राहुल गांधी में ज्ञान की कमी है। संविधान प्रक्रिया क्या होती है? भारत के संविधान के अंतर्गत लोकसभा और राज्यसभा चलते हैं। सदन की गरिमा कैसे बनाए रखनी चाहिए? जब किसी व्यक्ति को इन सभी चीजों का ज्ञान न हो तो ऐसे व्यक्ति से क्या आशा की जा सकती है?"

माधव आनंद ने बिहार को बुलेट ट्रेन की सौगात मिलने पर कहा, "इस क्षेत्र में काफी तेज गति से काम हो रहा है। सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में लगातार काम हो रहा है। इस विषय पर मैं सीएम नीतीश कुमार और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को विशेष धन्यवाद देना चाहता हूं।"

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...