नई दिल्ली: नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) ने घोषणा की है कि ग्रुप 'ए' निशानेबाजों के लिए राइफल और पिस्टल स्पर्धाओं में नेशनल सेलेक्शन ट्रायल्स 3 और 4 का आयोजन 24 से 30 जून, 2025 तक देहरादून के रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के त्रिशूल शूटिंग रेंज में किया जाएगा। ये ट्रायल्स अगस्त में कजाकिस्तान में होने वाली 16वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप 2025 और वर्ष के अंत में चीन और मिस्र में होने वाले आईएसएसएफ वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम चयन में अहम भूमिका निभाएंगे।
देश के शीर्ष राइफल और पिस्टल निशानेबाज इन चयन ट्रायल्स में उस आत्मविश्वास के साथ उतरेंगे, जो उन्होंने अर्जेंटीना और पेरू में आयोजित दो चरणों की साउथ अमेरिकन आईएसएसएफ वर्ल्ड कप श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन कर अर्जित किया है। इस दौरे में भारतीय निशानेबाजों ने 32 फाइनल मुकाबलों में जगह बनाई, जिसमें मिश्रित टीम स्पर्धाएं भी शामिल थीं, और कुल 15 पदक जीते जिनमें छह स्वर्ण पदक थे।






