Navneet Kaur Profile : भारतीय महिला हॉकी टीम की फॉरवर्ड, वैश्विक मंच पर देश को पदक दिलाने में निभाई बड़ी भूमिका

नवनीत कौर: भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी फॉरवर्ड और उपकप्तान।
नवनीत कौर: भारतीय महिला हॉकी टीम की फॉरवर्ड, वैश्विक मंच पर देश को पदक दिलाने में निभाई बड़ी भूमिका

नई दिल्ली: भारतीय पुरुष हॉकी टीम के साथ ही महिला हॉकी टीम ने भी पिछले कुछ समय में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में सफलता हासिल की है। महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन में सुधार लाने में जिन खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई है उनमें नवनीत कौर का नाम बेहद प्रमुखता से लिया जाता है।

 

नवनीत कौर का जन्म 26 अगस्त, 1995 को शाहाबाद, हरियाणा में हुआ था। शाहाबाद देश में महिला हॉकी के केंद्र के रूप में प्रसिद्ध है। यही वजह है कि नवनीत के मन में हॉकी के लिए बहुत कम समय में रुचि जग गई। नवनीत ने कड़ी मेहनत से अपने खेल को लगातार निखारा और घरेलू स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के बाद राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। नवनीत 2014 से लगातार भारतीय टीम का हिस्सा रही हैं।

 

नवनीत कौर एक भरोसेमंद फॉरवर्ड हैं। स्पीड, लचीलापन और आक्रामक स्टाइल उनका अंदाज है। नवनीत ने अपने खेल से पिछले एक दशक में ग्लोबल हॉकी स्टेज पर भारत के आगे बढ़ने में अहम भूमिका निभाई है। वह 201 मैचों में भारतीय टीम के लिए 62 गोल कर चुकी हैं।

 

उनके करियर के सबसे अहम पलों पर गौर करें तो नवंबर 2017 में 9वां महिला एशिया कप जीतने के बाद वह भारत की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक बन गईं। नवनीत ने 2018 महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम को रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेल 2018 और हॉकी महिला विश्व कप लंदन 2018 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया।

 

उन्होंने जकार्ता-पालेमबांग में 2018 एशियाई खेलों में भारत को ऐतिहासिक रजत पदक जीतने में भी मदद की। वह टोक्यो ओलंपिक 2020 में चौथे स्थान पर आने वाली भारतीय टीम की सदस्य रहीं। उन्होंने 2019 में भारत को एफआईएच फाइनल जीताने में भी मदद की। बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम की वह सदस्य रही थीं। नवनीत को मई 2024 में भारतीय हॉकी टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया था।

 

नवनीत का भारतीय हॉकी टीम के साथ सफर जारी है, और भविष्य में उम्मीद है कि वह भारतीय टीम को नई बुलंदियों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाएंगी। नवनीत भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...