नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम ने 'द ओवल' में खेले गए एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पांचवें टेस्ट में जीत हासिल कर सीरीज में 2-2 से बराबरी कर ली। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने इस जीत में बड़ी भूमिका निभाई। मैच में 9 विकेट लेने वाले सिराज को मैच का श्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
मोहम्मद सिराज ने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 5 विकेट लिए और टीम को यादगार जीत दिलाई। सिराज द ओवल में चौथी पारी में 5 विकेट लेने वाले पहले भारतीय और ओवरऑल आठवें गेंदबाज बने। वहीं, ओवल में चौथी पारी में 41 साल बाद किसी गेंदबाज ने चौथी पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया है। आखिरी बार 1984 में वेस्टइंडीज के माइकल होल्डिंग ने पांच विकेट लिए थे। होल्डिंग ये कारनामा 1976 में भी कर चुके हैं। इसके अलावा 1997 के बाद से द ओवल में टेस्ट में 5 विकेट लेने वाले सिराज पहले गेंदबाज हैं।





