नई दिल्ली: आयरलैंड और वेस्टइंडीज के बीच रविवार शाम को तीसरा टी20 मैच खेला जाना है। तीन मुकाबलों की इस सीरीज के शुरुआती दो मैच बारिश के चलते धुले हैं। ऐसे में फैंस को इस बात का डर सता रहा है कि कहीं ये सीरीज बेनतीजा ही नहीं रह जाए।
वेस्टइंडीज और आयरलैंड के बीच साल 2010 से अब तक कुल आठ टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें दोनों ही टीमों ने तीन-तीन मुकाबले जीते, जबकि दो मुकाबले बेनतीजे रहे। इनके अलावा इसी सीरीज के शुरुआती दो मैचों में बारिश के चलते टॉस तक नहीं हो सका।
आयरलैंड और वेस्टइंडीज के बीच यह मुकाबला नॉर्दन आयरलैंड के ब्रेडी में भारतीय समय के अनुसार शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। रविवार के दिन यहां का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रविवार को हल्की बारिश की आशंका जताई जा रही है। बीते दिनों भी यहां बारिश हुई है। ऐसे में खिलाड़ियों को ठंडी और नमी वाली स्थिति में खेलना होगा।
ब्रेडी क्रिकेट क्लब की पिच आमतौर पर तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद करती है। शुरुआती छह ओवरों में बल्लेबाजों को यहां संभलकर खेलने की जरूरत होती है। इस दौरान गेंद स्विंग होती नजर आती है। यहां बड़े स्कोर की ज्यादा उम्मीद नहीं की जा सकती।
वेस्टइंडीज के पास शाई होप, शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर और अल्जारी जोसेफ जैसे खिलाड़ी हैं, जबकि आयरलैंड के खेमे में पॉल स्टर्लिंग, हैरी टेक्टर, जोशुआ लिटिल जैसे खिलाड़ी हैं।
टी20 सीरीज से पहले दोनों देशों के बीच तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज खेली गई थी, जो 1-1 से ड्रॉ पर समाप्त हुई थी।