नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीमें 11-15 जून के बीच लॉर्ड्स में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल मैच खेलेंगी।
पहला डब्ल्यूटीसी खिताब न्यूजीलैंड ने अपने नाम किया था, जबकि दूसरे खिताब को ऑस्ट्रेलिया ने जीता। दोनों बार भारतीय टीम ही उप-विजेता रही।
इस बार ऑस्ट्रेलिया के पास दूसरी बार इस टाइटल को जीतने का मौका होगा, जबकि साउथ अफ्रीका टेस्ट इतिहास में पहली बार मिले इस 'गोल्डन चांस' को भुनाना चाहेगी।
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट इतिहास में अब तक के रिकॉर्ड को देखें, तो ऑस्ट्रेलिया ने 101 मुकाबलों में 54 जीते हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका की टीम अब तक 26 मैच जीत सकी है। दोनों देशों के बीच अब तक 21 मुकाबले ड्रॉ रहे।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 की प्वाइंट्स टेबल को देखें, तो साउथ अफ्रीका 12 में से 8 मैच जीतकर शीर्ष पर रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 19 में से 13 मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
डब्ल्यूटीसी फाइनल लॉर्ड्स में खेला जाना है, जहां की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार रही है। अगर ऑस्ट्रेलियाई खेमे को देखें, तो उसके पास जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और स्कॉट बोलैंड जैसे गेंदबाज हैं, जबकि साउथ अफ्रीका के पास कगिसो रबाडा, डेन पैटरसन और लुंगी एनगिडी जैसे गेंदबाज हैं। इन्हें पिच से मदद मिलने की उम्मीद जरूर होगी।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस और साउथ अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा के पास बेहतरीन बल्लेबाज और गेंदबाज हैं, जो मुकाबले का रुख पलटने का माद्दा रखते हैं।