नागोया, 21 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटर्स का जलवा देखने को मिल रहा है। टूर्नामेंट के तीसरे दिन की शुरुआत भी भारतीय शूटिंग टीम के लिए जबरदस्त रही है। पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने के बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में भी हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्राक्ष पाटिल ने देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया।
भारतीय शूटिंग टीम अब तक कुल 5 मेडल अपने नाम कर चुकी है। रविवार को महिला टीम ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था, जबकि इलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत स्पर्धा में सिल्वर पर कब्जा जमाया था। टीम के अब तक के शानदार प्रदर्शन पर बात करते हुए नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के अध्यक्ष कलिकेश सिंह ने कहा कि यह अभी महज शुरुआत है और शूटिंग टीम अभी कई और मेडल लेकर आएगी।
कलिकेश ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "भारतीय शूटिंग में हमारी शुरुआत अच्छी रही है। कल महिलाओं के 10 मीटर इवेंट में इलावेनिल ने सिल्वर मेडल जीता और टीम ने भी सिल्वर मेडल हासिल किया। आज रुद्राक्ष ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, हिमांशु ने सिल्वर मेडल जीता और टीम ने फिर से सिल्वर मेडल जीता। तो दो दिनों में इंडियन शूटिंग में पांच मेडल मिल चुके हैं और आगे भी कई मेडल आने की उम्मीद है। मुझे लगता है कि यह तो बस शुरुआत है।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि शूटर बहुत मजबूत इरादे वाले लोग हैं। वे युवा हैं, उनमें आगे बढ़ने का जुनून है और वे अपनी मानसिक मजबूती से किसी भी मुश्किल का सामना कर सकते हैं। वे बहुत मजबूत हैं और उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं, इसलिए मुझे लगता है कि भारतीय शूटिंग के लिए यह एक अच्छी शुरुआत है और हम दुनिया की बेहतरीन टीमों में से एक हैं।"
एनआरएआई के अध्यक्ष ने बताया कि शूटर्स को दबाव वाली परिस्थितियों और फाइनल जैसे बड़े मुकाबलों के लिए खास तैयारी कराई जाती है। उन्होंने कहा, "हमने शूटर्स के साथ काफी समय बिताया है और उन्हें फाइनल के सिमुलेशन विश्लेषण और हाई-प्रेशर वाली स्थितियों के लिए तैयार किया है। साइंस, टेक्नोलॉजी और हाई-परफॉर्मेंस टीम की मदद से हम उन्हें काफी फीडबैक देते हैं ताकि वे मानसिक, शारीरिक और तकनीकी रूप से खुद को बेहतर बना सकें। सरकार से भी हमें बहुत सहयोग मिला है। और इसी वजह से भारतीय शूटिंग के प्रदर्शन में यह सब साफ दिखता है। हम न सिर्फ एशिया में, बल्कि दुनिया में भी शूटिंग के मामले में बेहतरीन देशों में से एक हैं। मुझे लगता है कि यह एक अच्छी शुरुआत है।"
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटर्स से कुल मेडल लाने की उम्मीद को लेकर कलिकेश ने कहा, "लगभग हर इवेंट में हमारे पास भारत के लिए मेडल जीतने की क्षमता है। अभी सिर्फ दो दिन हुए हैं और पांच मेडल मिल चुके हैं। मुझे लगता है कि आगे और भी मेडल आएंगे।"
--आईएएनएस
एसएम/पीएम






