चमोली: उत्तराखंड के चमोली जनपद के थराली विकासखंड अंतर्गत दुंगी-रतगांव मोटर मार्ग पर निर्माणाधीन पुल के अचानक गिर जाने की घटना पर शासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्राणमती नदी पर दो करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से बन रहा 60 मीटर स्पैन वाला मॉड्यूलर बैली ब्रिज 4 जून को अचानक टूटकर गिर गया। घटना के बाद राज्य सरकार ने तीन अभियंताओं को निलंबित कर दिया है और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पांडे ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबित अधिकारियों में थराली निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता दिनेश मोहन गुप्ता, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग कर्णप्रयाग के अधिशासी अभियंता नवीन लाल वर्मा तथा सहायक अभियंता आकाश हुडिया शामिल हैं। प्रथम दृष्टया इन सभी को इस घटना का जिम्मेदार माना गया है।






