कुआलालंपुर: इंडोनेशिया की सफल यात्रा के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मलेशिया के कुआलालंपुर पहुंच चुका है। इस प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भाजपा सांसद बृजलाल ने कहा कि पाकिस्तान ने नापाक हरकत की तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है।
रविवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि हमने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की है और यहां हमें जो मुख्य बात कहनी है, वह यह है कि हमें आतंकवाद से लड़ना है। जब तक आतंकवाद है, कोई भी देश विकास नहीं कर सकता। विकास बहुत जरूरी है इसके लिए शांति जरूरी है। भारत में शांति है और विकास हो रहा है। 2014 में 11वीं अर्थव्यवस्था थे, आज हम चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। पीएम मोदी का संकल्प 2047 तक विकसित भारत का है। हम युद्ध नहीं चाहते हैं हम शांति चाहते हैं। पाकिस्तान दोबारा नापाक हरकत करेगा तो जवाब मिलेगा क्योंकि, ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। हमने पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों और 11 एयरबेस को तबाह किया।






