राजकोट: अहमदाबाद विमान हादसे में अपनी जान गंवाने वालों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का नाम भी शामिल था। विजय रूपाणी की सोसायटी में रहने वाले पड़ोसियों ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए अपनी भावनाएं साझा की। पड़ोसियों ने कहा कि विजय रुपाणी हमारे लिए केवल एक नेता नहीं थे, बल्कि हमारे परिवार के सदस्य की तरह हमारे साथ खड़े रहते थे और हर मुसीबत में हमारी सहायता करते थे। वह हमेशा याद किए जाएंगे। उनका जाना दुखद है।
विजय रूपाणी की सोसायटी में रहने वाली बिनलबेन शाह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया, "विजय रूपाणी हमारे लिए कोई मुख्यमंत्री या नेता नहीं थे। वे हमारी सोसायटी के एक सामान्य सदस्य की तरह रहते थे। उनका स्वभाव इतना सरल था कि वे हर किसी के साथ घुलमिल जाते थे। मैं पिछले 35 साल से यहां रह रही हूं। लेकिन, मैंने कभी उन्हें गुस्सा करते या किसी से ऊंची आवाज में बात करते नहीं देखा। वे हर त्योहार को बड़े उत्साह से मनाते थे। चाहे कोई भी उत्सव हो, वे उसमें शामिल होते और हमारे साथ खुशियां बांटते। कई बार तो वे हमारे साथ खाना भी खाते थे। उनके जैसा इंसान मिलना मुश्किल है।"






