वाराणसी: ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर सख्त कार्रवाई की है। इसके बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान की ओर से किए जा रहे हमलों का भी मुंहतोड़ जवाब दिया है। देशभर में सेना के पराक्रम को सलाम किया जा रहा है। इस दौरान भारतीय सैनिकों के मनोबल को बढ़ाने और उनकी रक्षा की कामना के लिए वाराणसी में स्थानीय लोगों ने 51 फीट की हनुमान जी की प्रतिमा के सामने आरती उतारी। धार्मिक नगरी काशी में वरद आंजनेय हनुमान मंदिर में काशीवासियों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान उन्होंने सेना की विजय होने के साथ ही सेना को बजरंगबली शक्ति देने की कामना भी की।
काशी के स्थानीय निवासी राम गोपाल सिंह ने बताया कि पाकिस्तान अपनी कायराना हरकत से बाज नहीं आ रहा है। इसलिए हम लोग पूरी टीम के साथ हनुमानजी मंदिर में आए हैं। हमने यहां आरती की और प्रार्थना की कि हमारे सैनिकों को बल दें। हम सब सीमा पर नहीं जा सकते हैं लेकिन अपनी सेना का हौसला बढ़ाने के लिए कदम से कदम मिलाकर चल जरूर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हनुमान जी भारतीय सेना को इतना बल दें कि इस बार पाकिस्तान को अपनी धरती में मिलाकर वापस आएं और वह दोबारा ऐसी कायराना हरकत करने से पहले सौ बार सोचें।






