रक्षाबंधन पर यूपी रोडवेज में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, बहनों ने सीएम योगी का जताया आभार

रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा, भाइयों से मिलने की खुशी
यूपी

लखनऊ, 27 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। बसों से अपने भाइयों और परिवार से मिलने जा रहीं महिलाओं ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।

महिलाओं का कहना है कि भाई से रक्षासूत्र बांधने के बाद मिलने वाला उपहार अपनी जगह है, लेकिन सरकार की ओर से मुफ्त यात्रा की सुविधा उनके लिए रक्षाबंधन के तोहफे से कम नहीं है। खासकर बुजुर्ग महिलाओं के चेहरों पर इस सुविधा को लेकर खुशी देखने को मिली।

शाहजहांपुर से सीतापुर, दिल्ली, हरदोई और अयोध्या सहित विभिन्न मार्गों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। डिपो प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं।

आईएएनएस से बातचीत में शाहजहांपुर डिपो के संचालक ने बताया कि सरकार की ओर से 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक यह विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। एक महिला के साथ एक पुरुष यात्री को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। शाहजहांपुर में करीब 217 बसों के माध्यम से व्यवस्था संभाली जा रही है। सुबह से ही यात्रियों की भीड़ देखी जा रही है, जिसे अतिरिक्त फेरे बढ़ाकर व्यवस्थित किया जा रहा है। सीतापुर और बलिया के लिए बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं, जबकि दिल्ली के लिए 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। डिपो संचालक के अनुसार, बसों की कमी नहीं है।

एक महिला यात्री ने कहा कि सरकार ने बहुत अच्छी पहल की है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए बताया कि आर्थिक स्थिति के कारण वह पहले आसानी से यात्रा नहीं कर पाती थीं। मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से वह शाहजहांपुर से हरदोई परिवार से मिलने जा रही हैं।

एक छात्रा ने कहा कि यह सुविधा बहुत अच्छी है। इससे रक्षाबंधन के दिन वे भी अपने भाइयों से मिलने के लिए आसानी से घर जा सकेंगी।

इसी बीच, बीएचयू के एक प्रोफेसर ने रक्षाबंधन के बारे में बताया कि 28 अगस्त को सुबह से पूरे दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांध सकती हैं। उन्होंने कहा कि नित्य कर्म पूरा करने के बाद इष्ट देवता की पूजा और माता-पिता का आशीर्वाद लेकर भाई को तिलक लगाया जाना चाहिए। इसके बाद भाई को पुष्पमाला पहनाकर आरती करें।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर भाई अपनी बहनों को उपहार देते हैं और जीवनभर उनकी रक्षा का संकल्प लेते हैं। भाई-बहन को मिलकर यह त्योहार मनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से सात्विक और धार्मिक वातावरण में भारतीय परिधान के साथ रक्षाबंधन मनाने की अपील की, ताकि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं का बोध हो।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम