भोपाल: मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि सरकार नर्सिंग कॉलेज में हुई गड़बड़ियों के घोटालेबाजों को बचाने में लगी है। नर्सिंग कॉलेज में हुई गड़बड़ी का मामला उच्च न्यायालय में चल रहा है और इस मामले में उच्च न्यायालय द्वारा अधिकारियों को अवमानना का नोटिस जारी किया गया है।
नर्सिंग घोटाले को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि भाजपा का ‘भ्रष्टाचार बचाओ अभियान’ जारी है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने नर्सिंग काउंसिल के चेयरमैन और सचिव को अवमानना नोटिस जारी किया है क्योंकि उन्होंने जानबूझकर फर्जी कॉलेजों की फाइल पेश नहीं की। इतना ही नहीं, हाईकोर्ट ने सीबीआई को भी जांच की सारी फाइलें सौंपने का आदेश दिया है, लेकिन सवाल ये है कि पिछली सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट में सचिव का कोर्ट में पेश न होना और अब चेयरमैन का भी न्यायालय के आदेश की अनदेखा करना, क्या ये सिर्फ अफसरों की लापरवाही है या भ्रष्टाचारियों की मिलीभगत, आखिर किसके इशारे पर न्यायालय की अवमानना हो रही है?






