logo
Advertisement banner

Vijay Rupani Death: शिवराज सिंह चौहान ने विजय रूपाणी को दी श्रद्धांजलि, बोले- 'हो सके तो फिर लौट के आना'

शिवराज सिंह चौहान ने दिवंगत विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि अर्पित की, कहा- फिर लौट के आना।
शिवराज सिंह चौहान ने विजय रूपाणी को दी श्रद्धांजलि, बोले- 'हो सके तो फिर लौट के आना'

गांधीनगर: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को गुजरात दौरे के दौरान गांधीनगर पहुंचकर अहमदाबाद विमान हादसे में दिवंगत हुए पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के परिजनों से मुलाकात की।

उन्होंने विजय रूपाणी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी पत्नी और बच्चों को सांत्वना दी।

चौहान ने कहा, “मैं अपने भाई और परम मित्र स्वर्गीय विजय रूपाणी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करने आया हूं। जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, मुझे उनके साथ काम करने का सौभाग्य मिला। उस समय मैं मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री था। उनकी सरलता, सहजता, प्रशासनिक दक्षता और संगठन कौशल को मैंने करीब से देखा।”

उन्होंने आगे कहा, “गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में रूपाणी जी ने संगठन को नई ऊंचाइयां दीं। मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने प्रशासनिक कुशलता के साथ गुजरात के विकास को प्राथमिकता दी। उनका पूरा जीवन भारत माता और जनता की सेवा में समर्पित रहा। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।”

चौहान ने आगे कहा कि मैं परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिवार, पार्टी कार्यकर्ताओं व अनुयायियों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने भावुक होकर कहा, “रूपाणी जी, हो सके तो फिर लौट के आना।”

इससे पहले शुक्रवार को अहमदाबाद में आयोजित एक शोक सभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गुजरात बीजेपी प्रमुख व केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल सहित कई नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि दी थी।

रूपाणी का 12 जून को हुए एक विमान हादसे में निधन हो गया था। इस शोक सभा में विजय रूपाणी की पत्नी अंजलिबेन, बेटी राधिका और बेटे ऋषभ भी मौजूद थे।