RJD Women Protest : उत्तराखंड की मंत्री के पति के बयान पर भड़का राजद, महिला प्रकोष्ठ ने निकाला विरोध प्रदर्शन मार्च

महिलाओं के अपमान पर सड़क पर उतरीं राजद कार्यकर्ताएं, पटना में विरोध मार्च
उत्तराखंड की मंत्री के पति के बयान पर भड़का राजद, महिला प्रकोष्ठ ने निकाला विरोध प्रदर्शन मार्च

पटना: उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजद की महिला कार्यकर्ताएं सड़क पर उतर आईं।

बिहार प्रदेश राजद महिला प्रकोष्ठ ने शनिवार को गिरधारी लाल साहू के बयान के विरोध में पटना में विरोध प्रदर्शन मार्च निकाला। राजद महिलाओं का यह मार्च राजद प्रदेश कार्यालय से निकलकर वीर चंद पटेल पथ से होते हुए आयकर गोलंबर तक गया और फिर पुतला जलाया गया।

प्रदर्शन में 'महिलाओं का अपमान नहीं सहेंगे बिहार' जैसे नारे लगाए गए। इस कार्यक्रम का नेतृत्व कर रही महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अनिता भारती ने कहा कि भाजपा अविलंब ऐसे बिहार की महिलाओं का अपमान करने वाले नेता को पार्टी से बाहर करे।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले पर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन चुप्पी क्यों साधे हुए हैं? क्या बिहार की महिलाओं के सम्मान के प्रति भाजपा की कोई सोच नहीं है?

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता ने जानबूझकर बिहार की महिलाओं का अपमान किया है। गिरधारी लाल साहू पर भाजपा कार्रवाई करे और उनकी मंत्री पत्नी को उत्तराखंड सरकार तत्काल बर्खास्त करे।

मार्च के पहले प्रदेश कार्यालय में राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि महिलाओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, इस तरह का विरोध प्रदर्शन भाजपा को चेतावनी के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बयान पर नीतीश कुमार अब तक चुप क्यों हैं?

उन्होंने कहा कि इस तरह की अमर्यादित भाषा बोलने वालों के खिलाफ यह आंदोलन की शुरुआत भर है, क्योंकि बिहार की महिलाएं इस तरह के अपमान को बर्दाश्त नहीं कर सकतीं। इस मौके पर राजद की प्रवक्ता सारिका पासवान, प्रदेश महासचिव मुकुंद सिंह, आभा लता यादव, गीता यादव, सुनीता कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।

— आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...