दिल्ली: भाजपा नेता रेखा शर्मा ने कांग्रेस पार्टी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता से दुनिया को अवगत कराने के लिए बनाए गए प्रतिनिधिमंडल पर सवाल उठा रही है। रेखा शर्मा ने कांग्रेस पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया।
रेखा शर्मा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "पीएम नरेंद्र मोदी ने एक बहुत अहम निर्णय लिया है कि अलग-अलग पार्टियों के नेता अलग-अलग ग्रुप में दूसरे देशों में जाएं और आतंकवाद पर भारत के नजरिए को को दुनिया के सामने रखे। पाकिस्तान की वजह से लंबे समय से हम आतंकवाद से प्रभावित रहे हैं। कश्मीर कई सालों से आतंकी हमलों से प्रभावित रहा है। लेकिन इस बार प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब और नहीं। एक भी आतंकी घटना अगर होती है तो इसे फिर युद्ध के रूप में लिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने वहीं अटैक किए जहां आतंकी ठिकाने थे। इसका साफ संदेश है कि हम आतंकवाद का खात्मा चाहते हैं।"






