रांची: समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव द्वारा विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर की गई जातिसूचक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। रामगोपाल यादव के बयान को घोर निंदनीय बताते हुए उन्होंने तत्काल एफआईआर दर्ज करने और समाजवादी पार्टी के महासचिव पद से तुरंत बर्खास्त करने की मांग की।
राकेश सिन्हा ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, "रामगोपाल यादव द्वारा विंग कमांडर व्योमिका सिंह के लिए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करना देश की वीरता, सेना के पराक्रम और एक महिला अधिकारी के सम्मान का खुला अपमान है। जिस तरह से विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने अपना साहस और पराक्रम दिखाया है, उसने भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। ऐसे में एक महिला सोल्जर के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल पूरी तरह से अस्वीकार्य है। रामगोपाल यादव को उनके पद से हटाया जाना चाहिए और यदि समाजवादी पार्टी अभी तक कोई कदम नहीं उठा रही है, तो यह खुद में एक गंभीर सवाल है।"






