Punjab Police Operation : पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित आतंकी साजिश को नाकाम किया, आरोपी गिरफ्तार

एसएसओसी की सतर्कता से बड़ा हमला टला, विदेशी हैंडलर से संबंध वाले आरोपी पकड़े गए
पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित आतंकी साजिश को नाकाम किया, आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर: पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर ने एक महत्वपूर्ण खुफिया ऑपरेशन में आरडीएक्स से बनी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद की है। इस कार्रवाई से पाकिस्तान की आईएसआई द्वारा समर्थित एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर दी है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में था, जो पाकिस्तान स्थित हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहा था। आईईडी को पीवीसी पाइप की कैसिंग में छिपाकर रखा गया था ताकि आसानी से पता न चल सके। यह डिवाइस एक बड़े हमले के लिए तैयार की गई थी। लेकिन, एसएसओसी की सतर्कता और खुफिया जानकारी से इसे समय रहते बरामद कर लिया गया।

पुलिस स्टेशन एसएसओसी अमृतसर में आरोपी के खिलाफ एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जांचकर्ता अब पूरे आतंकी नेटवर्क का पता लगाने में जुटे हैं। इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है, ताकि राज्य में किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि को रोका जा सके।

पंजाब पुलिस ने इस सफलता पर संतोष जताया है। पुलिस का कहना है कि वह पंजाब में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे ऑपरेशन राज्य में आतंकवाद के खिलाफ लगातार चल रही मुहिम का हिस्सा हैं, जिसमें आईएसआई और विदेशी हैंडलर्स द्वारा समर्थित मॉड्यूल्स को निशाना बनाया जा रहा है।

यह कार्रवाई अमृतसर जैसे संवेदनशील इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का संकेत है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें ताकि ऐसी साजिशों को पहले ही विफल किया जा सके। आगे की जांच से और खुलासे होने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...