नई दिल्ली: आतंकवाद को संरक्षण देने पर पाकिस्तान को शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अगर भारत में आतंकवाद फैलाने की कोशिश करेगा तो हम पाकिस्तान के घरों में घुसकर उसके आतंकी मॉडल को खत्म करेंगे। अपनी सेना पर हमें गर्व है जिन्होंने पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में विदेश जाने वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में प्रियंका चतुर्वेदी भी शामिल हैं। शनिवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान सांसद पाकिस्तान पर हमलावर रहीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पाकिस्तान ने लगातार भारत में अपने 'आतंकिस्तान' मॉडल को आगे बढ़ाया है और उस ढांचे के तहत आतंकी हमलों को अंजाम दिया है उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका ये कृत्य केवल भारत तक ही सीमित नहीं है; यहां तक कि दुनिया भर में होने वाले आतंकी हमलों की जड़ें अक्सर पाकिस्तान से जुड़ी पाई जाती हैं, चाहे वह ओसामा बिन लादेन हो या हाफिज सईद।






