मिर्जापुर: नोएडा से भाजपा विधायक पंकज सिंह रविवार को मिर्जापुर के विंध्याचल पहुंचकर मां विंध्यवासिनी के दरबार में दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र और भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह समेत कई कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र की महिमा अपार है और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कई मुद्दों पर अपनी राय रखी।
पाकिस्तान के साथ हुए सीजफायर को लेकर विपक्ष के सवालों पर पंकज सिंह ने कहा कि विपक्ष की फितरत हमेशा सवाल उठाने की रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पहले भी तथ्यों और साक्ष्यों के साथ जवाब दिया है, लेकिन विपक्ष का मकसद केवल संदेह पैदा करना है। जब हमारी सेना ने पाकिस्तान के एयरबेस को ध्वस्त किया और उसे वैश्विक मंच पर शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा, तब भी विपक्ष ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण विषय नहीं है, यह एक संवेदनशील मुद्दा है और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।






