Advertisement banner

Priyank Kanoongo Bengaluru Stampede : भगदड़ में मासूमों की मौत पर प्रियंक कानूनगो ने लिया संज्ञान, न्याय का वादा

बेंगलुरु भगदड़ पर NHRC के प्रियंक कानूनगो का संज्ञान, दोषियों पर कार्रवाई की बात कही।
बेंगलुरु हादसा : भगदड़ में मासूमों की मौत पर प्रियंक कानूनगो ने लिया संज्ञान, न्याय का वादा

बेंगलुरु: कर्नाटक के बेंगलुरु में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पहली आईपीएल जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में कई मासूमों की जान चली गई और दर्जनों घायल हो गए। इस घटना पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने दुख जताया है।

प्रियंक कानूनगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "कर्नाटक में आईपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट की जीत के जश्न में भगदड़ होने से मासूम लोगों की मृत्यु की घटना बेहद दुखद है। इस घटना के दोषियों की जिम्मेदारी तय करने हेतु जांच करने के लिए घटना का संज्ञान लिया जा रहा है, किसी भी दोषी को बचने नहीं दिया जाएगा।"

कानूनगो ने लिखा, "नागरिकों से विनती है कि घायलों और मृतकों की सूचना सीधे मुझे ईमेल ([email protected]) पर प्रेषित कर पीड़ितों की मदद में सहभागी बनें। किसी भी पीड़ित की जानकारी छिपाई न जा सके, उसको न्याय मिल सके, यह हम सबका कर्तव्य है।"

उल्लेखनीय है कि चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 33 अन्य लोग घायल हैं। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं, वे जल्द स्वस्थ हो जाएं।"

बेंगलुरु में हुई भगदड़ की घटना पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दुख जताया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है और 33 लोग घायल हुए हैं। सीएम सिद्धारमैया ने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही राज्य सरकार घायलों को मुफ्त इलाज भी मुहैया कराएगी।