नोएडा: दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में मानसून ने दस्तक दे दी है और अब मौसम विभाग (आईएमडी) ने 6 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 6 जुलाई को दोपहर, शाम और रात में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज हवाएं चलेंगी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
6 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी दी है कि दिन भर हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की घटनाएं दर्ज हो सकती हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक किसी प्रकार की गंभीर चेतावनी (रेड या ऑरेंज अलर्ट) नहीं दी गई है। 6 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। इस दिन ह्यूमिडिटी का स्तर सुबह 85 प्रतिशत और शाम को 65 प्रतिशत के आसपास रहेगा, जिससे मौसम में भारी उमस बनी रहेगी।






