पटना: नरेंद्र मोदी की सरकार ने केंद्र में लगातार 11 साल पूरे कर लिए। इस विषय पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा के नेता नित्यानन्द राय ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री कार्यकाल के 11 साल पूरे हुए हैं, यह वर्ष भारत के लिए गौरव का वर्ष रहा है। पटना में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह 11 वर्ष युवाओं के लिए अवसर के साल रहे, तो महिलाओं के लिए सम्मान और देश के सशक्तीकरण, चहुंमुखी विकास, देश से गरीबी मिटाने का वर्ष रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी यह निरंतर चलता रहेगा। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानन्द राय ने कहा, "2047 तक भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है। पीएम मोदी का जो संकल्प होता है, उसे पूरा करने के लिए वे दिन-रात भगीरथ प्रयास करते हैं और उसमें सफलता साथ होती है। उनकी सफलता मतलब भारत की सफलता। हम देशवासियों के लिए यह गौरव का विषय है कि हमें प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी मिले हैं, जिनकी दूरदर्शिता लगातार भारत को आगे बढ़ा रही है। 11 साल में भारत ने हर क्षेत्र में दुनिया में ऊंचा स्थान स्थापित किया है।"






