Voter List Revision : अवधेश प्रसाद ने ममता बनर्जी को सराहा, बोले- पश्चिम बंगाल की सीएम ने लोकतंत्र को बचाया

वोटर लिस्ट विवाद पर ममता बनर्जी की याचिका, सुप्रीम कोर्ट के कदम को सपा ने बताया लोकतंत्र की जीत
अवधेश प्रसाद ने ममता बनर्जी को सराहा, बोले- पश्चिम बंगाल की सीएम ने लोकतंत्र को बचाया

नई दिल्ली:  पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बवाल जारी है। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एक याचिका पर चुनाव आयोग को नोटिस भेजा है। इसे लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने सीएम ममता की तारीफ की।

सपा सांसद ने कहा, "सीएम ममता बनर्जी ने बहुत सराहनीय कदम उठाया। इस देश के लोकतंत्र पर खतरा है। डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश के करोड़ों दलितों, पिछड़ों और वंचितों को वोट देने का अधिकार दिया है, लेकिन भाजपा ऐसे लोगों को, जिनको मताधिकार है, उनके वोट को काटने की योजना बना रही है। इसके लिए सीएम ममता बनर्जी ने उच्चतम न्यायालय में जाकर स्वयं अपनी बात कही।"

अवधेश प्रसाद ने कहा, "हमारे देश की न्यायपालिका का एक गौरवशाली इतिहास है। यूपी में बाबा की सरकार है, तमाम क्षण ऐसे आए, जहां पर उन्हें हर मस्जिद में मंदिर दिखाई पड़ रहा था। वे खुदाई का आदेश दे देते थे, लेकिन उच्चतम न्यायालय ने बड़ा सराहनीय कदम उठाकर प्रदेश और देश में अराजकता फैलाने पर पाबंदी लगाई है। कोर्ट ने भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब को बचाने का काम किया।"

सपा सांसद ने कहा, "हमें विश्वास है कि केवल ममता ने जो कदम उठाया है, वह सिर्फ पश्चिम बंगाल में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में सराहनीय है। ममता बनर्जी के कदम से इस देश को बहुत बड़ी राहत मिलेगी। भाजपा का वोट काटने का जो इरादा है, वो उसमें सफल नहीं हो पाएगी। लोगों को उनके वोट के द्वारा सरकार को बचाने और बनाने के अधिकार की सीएम ममता बनर्जी ने रक्षा की। मैं ममता बनर्जी को बधाई देता हूं। हमारे नेता अखिलेश यादव भी गए थे और पूरी मुस्तैदी से उनके साथ थे।"

बता दें कि सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता में जस्टिस जॉयमाल्य बागची और वीएम पंचोली की बेंच ने बुधवार को ममता बनर्जी की याचिका पर सुनवाई की। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि हम समाधान निकालेंगे। जो असली मतदाता हैं, उनका अधिकार कोई नहीं छीन सकता है। हम जिम्मेदारी से नहीं भागेंगे। बेंच ने चुनाव आयोग से कहा कि नामों में गड़बड़ी के आधार पर मतदाताओं को नोटिस भेजते समय सावधानी बरतें।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...