logo
Advertisement banner

Samba School Upgradation : उपराज्यपाल ने सांबा में स्कूल के अपग्रेडेशन, ऑडिटोरियम निर्माण का किया शिलान्यास

सांबा में स्कूल और ऑडिटोरियम निर्माण से शिक्षा व सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
जम्मू-कश्मीर : उपराज्यपाल ने सांबा में स्कूल के अपग्रेडेशन, ऑडिटोरियम निर्माण का किया शिलान्यास

सांबा: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल (जीएसएसएस) गुड़ा सलाथिया के अपग्रेडेशन और एक बहुउद्देशीय ऑडिटोरियम के निर्माण की आधारशिला रखी।

जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के गुड़ा सलाथिया क्षेत्र में रविवार को शिक्षा और आधारभूत संरचना को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। उपराज्यपाल ने एक वर्ष में काम पूरा होने की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर डिविजनल कमिश्नर जम्मू रमेश कुमार, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता सुरजीत सिंह सलाथिया, जिला विकास आयुक्त सांबा राजेश शर्मा, एसएसपी सांबा, राधा स्वामी सत्संग के राज्य समन्वयक प्रदीप अग्रवाल, एरिया सेक्रेटरी एस.सी. शर्मा, डीडीसी सदस्य, सरपंच, पंच और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल ने परियोजनाओं की रूपरेखा का अवलोकन किया और कहा कि सरकार राज्य के दूरदराज क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अधोसंरचना प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्कूल परिसर में प्रस्तावित बहुउद्देशीय ऑडिटोरियम का विस्तृत नक्शा भी प्रदर्शित किया गया, जिसमें 80 गुना 120 फीट के क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मंच, सभागार और विभिन्न आयोजनों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सम्मिलित हैं।

अपने संबोधन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, "शिक्षा किसी भी समाज की बुनियाद है। इस स्कूल का उन्नयन और ऑडिटोरियम का निर्माण छात्रों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा।"

सुरजीत सिंह सलाथिया ने कहा, "यह परियोजना क्षेत्र के युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी और लोगों की वर्षों पुरानी मांग को साकार करेगी।"

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, स्कूली छात्र, अभिभावक, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।