Hamid Ansari Statement : हामिद अंसारी के बयान पर सपा विधायक रविदास बोले, 'इतिहासकार ही सही मार्गदर्शन कर सकते हैं'

हामिद अंसारी के बयान पर सपा विधायक की प्रतिक्रिया, यूपी सरकार पर भी लगाए गंभीर आरोप
हामिद अंसारी के बयान पर सपा विधायक रविदास बोले, 'इतिहासकार ही सही मार्गदर्शन कर सकते हैं'

लखनऊ: पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के एक बयान को लेकर देश की सियासत में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। उनके द्वारा एक साक्षात्कार के दौरान दिए गए इस बयान कि इतिहास की किताबों में जिन विदेशी आक्रांताओं और लुटेरों का जिक्र किया गया है, वे असल में भारतीय थे।

इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्‍होंने कहा कि इतिहासकार ही सही मार्गदर्शन कर सकते हैं।

समाजवादी पार्टी के एमएलए रविदास मेहरोत्रा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि इतिहास से जुड़े तथ्यों को लेकर यदि किसी की अलग राय है या कोई बदलाव की बात करता है, तो इस विषय में केवल इतिहासकार ही सही मार्गदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आम भारतीयों की समझ यही है कि विदेशी लोगों ने भारत पर आक्रमण किया और देश को लूटने का काम किया।

रविदास मेहरोत्रा ने एक सवाल के जवाब में उत्तर प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक और प्रशासनिक स्थिति पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में सड़कों की हालत खराब है, लोगों को स्वच्छ पेयजल तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और विकास के अधिकांश कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जनता में भारी नाराजगी है, जिसके चलते भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक लोगों का सामना करने से बच रहे हैं।

सपा विधायक ने आगे कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक एक-दूसरे से लड़ने में व्यस्त हैं और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, प्रदेश में यह स्थिति साफ नजर आ रही है कि भाजपा सरकार के खिलाफ न केवल जनता में बल्कि खुद विधायकों के बीच भी जबरदस्त आक्रोश है। उन्होंने कहा कि कहीं जनता विधायकों का घेराव कर रही है, तो कहीं विधायक ही मंत्रियों के खिलाफ मोर्चा खोल रहे हैं।

रविदास मेहरोत्रा ने प्रदेश की शासन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि उत्तर प्रदेश में सरकार नाम की कोई ठोस व्यवस्था ही नहीं रह गई है। उन्होंने बजट के पैसों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर कोई भी ठोस काम नजर नहीं आ रहा है।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...