logo
Advertisement banner

Greater Noida Laborer Fight : निर्माणाधीन यूनिवर्सिटी में दो मजदूरों के बीच झगड़ा, एक की मौत

ग्रेटर नोएडा में शराब के बाद विवाद में मजदूर की हत्या, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
ग्रेटर नोएडा : निर्माणाधीन यूनिवर्सिटी में दो मजदूरों के बीच झगड़ा, एक की मौत

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के दो लोगों के बीच हुए झगड़े में एक व्यक्ति की जान चली गई और दूसरे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

यह घटना ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित एक निर्माणाधीन निजी यूनिवर्सिटी में हुई है। पुलिस के अनुसार, यहां जीएलए यूनिवर्सिटी में निर्माण कार्य चल रहा था। जहां दो मजदूरों के बीच शराब पीकर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद बात इतनी बढ़ गई कि इनके बीच मारपीट शुरू हो गई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मजदूर को तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की पहचान गोलू कुमार, निवासी ग्राम नीरपुर, थाना साहिबगंज, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई है।

वह वर्तमान में नॉलेज पार्क-2 क्षेत्र की झुग्गी झोपड़ी में रह रहा था और उसकी उम्र करीब 30 वर्ष थी। अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने गोलू कुमार को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिमोहन, निवासी पंसारी विशनपुर वेराटांड, थाना मरहंगी, जिला मोतिहारी, बिहार को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि दोनों मजदूरों में शराब पीने के बाद किसी पुरानी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। इसमें आरोपी हरिमोहन ने गोलू कुमार के सिर पर ईंट से वार कर दिया। जिसके कारण वो मौके पर लहूलुहान हो गया।

आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य मजदूरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना की सटीक वजह सामने आ सके।