गाजियाबाद: गाजियाबाद में बीती रात यूपी गेट के पास एक बिजली घर में देर रात करीब 11:55 बजे भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद फायर विभाग को सूचना दी गई, लेकिन आग इतनी तेज थी कि अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया।
फायर विभाग के अनुसार, आग एक बड़े ट्रांसफॉर्मर में लगी थी, जिसकी क्षमता 160 एमवीए और 50,000 लीटर तेल थी। आग की खबर मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन से चार दमकल गाड़ियां और एक वाटर मिस्ट यूनिट तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं। लेकिन जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, ट्रांसफॉर्मर में आग तेजी से फैल चुकी थी और बहुत भयानक हो गई थी। स्थिति को देखते हुए कोतवाली फायर स्टेशन से दो और साहिबाबाद से एक फायर टेंडर को मौके पर बुलाया गया। साथ ही, गौतमबुद्ध नगर जिले से भी एक अतिरिक्त दमकल गाड़ी मंगवाई गई।






