पश्चिम मिदनापुर: शनिवार सुबह पश्चिम मिदनापुर जिले के देबरा प्रखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 16 के अर्जुनी इलाके में एक गैस टैंकर में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। इस हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और आसपास के कई घरों व वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। घटना सुबह करीब 10 बजे हुई, जब एक गैस टैंकर अचानक फट गया, जिसे काम के लिए गैराज में खड़ा किया गया था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विस्फोट इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी। तेज धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट के कारण एक स्कूल बस और दो लॉरियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा, आसपास के कई घरों की दीवारों में दरारें आ गईं और कुछ मकानों को आंशिक नुकसान भी पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट के बाद इलाके में धुआं और धूल का गुबार छा गया, जिससे कुछ देर के लिए दृश्यता भी प्रभावित हुई।






