पटना: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चुनाव आयोग (ईसीआई) मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान घर-घर जाकर व्यापक सत्यापन अभियान चलाने पर विचार कर रहा है। लोजपा (रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से मतदाताओं में जागरूकता लाने में भी मदद मिलेगी।
शांभवी चौधरी ने सोमवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "चुनाव आयोग की ओर से किया जा रहा कार्य बहुत ही सराहनीय है। हम इसकी सराहना करते हैं और उम्मीद करते हैं कि इसे पूरी ईमानदारी के साथ किया जाएगा। इस पहल से मतदाताओं में जागरूकता लाने में भी मदद मिलेगी। जब भी कोई गणना कार्य या किसी भी तरह का सर्वेक्षण होता है और विसंगतियों की पहचान की जाती है और उन्हें ठीक किया जाता है, तो इससे न केवल समाज को बल्कि चुनावी प्रक्रिया और राजनीतिक गतिविधियों को भी फायदा होता है। कई महिलाएं मतदाता होंगी, कुछ नए युवा मतदाता बने होंगे, जिन्हें इस टास्क के तहत जागरूक किया जाएगा। इस दौरान उनके डाटा लेने के बाद संकलन किया जाएगा।"






