पटना: जदयू सांसद दिलेश्वर कामैत ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश की जनता इस बात को भली-भांति जानती है कि पहले सूबे की स्थिति कैसी थी और आज कैसी है। आज प्रदेश में चौतरफा विकास की बयार बह रही है और इसका श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जाना चाहिए।
उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पहले लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी दर-दर की ठोकरें खानी पड़ती थीं। प्रदेश की ऐसी दयनीय स्थिति थी कि लोगों को खाद्य और स्वास्थ्य जैसी जरूरतों के लिए भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। लेकिन, आज हालात बिल्कुल अलग हैं। आज की तारीख में बिहार में चौतरफा विकास हो रहा है। स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा तक में सरकार ने अभूतपूर्व काम किए हैं, जिसकी तारीफ हर शख्स कर रहा है। आज की तारीख में सूबे का हर शख्स सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत है। लोगों के बीच में सरकार को लेकर विश्वास का माहौल है। पहले लोगों को सरकार पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं था। लेकिन, आज ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। आज लोगों को यह विश्वास है कि अगर उनके जीवन में कोई संकट आए, तो सरकार निश्चित तौर पर उनके साथ खड़ी रहेगी।






