Advertisement banner

चतरा के गांव में पुलिस पर पथराव, दो दारोगा घायल, भीड़ नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग

चतरा में पुलिस पर पथराव, दो अधिकारी घायल
चतरा

चतरा, 9 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले के टंडवा में एक युवक और महिला को कथित तौर पर बंधक बनाए जाने की सूचना के बाद उन्हें मुक्त कराने गांव पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। गुस्साए लोगों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ पत्थरबाजी कर दी।

हमले में दो थानों के प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने चार राउंड हवाई फायरिंग की। घटना मंगलवार देर शाम टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में हुई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कामता निवासी मोहम्मद शाहबाज अंसारी और एक महिला को ग्रामीणों ने एक घर में रोक रखा है। सूचना मिलने पर टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों को वहां से निकालने की कोशिश शुरू हुई। इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई।

पुलिस के मुताबिक, शाहबाज के कुछ समर्थकों ने घर की एस्बेस्टस छत क्षतिग्रस्त कर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू हो गया। हमले की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची।

हमले में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के सिर और चेहरे पर चोट आई। उन्हें छह टांके लगाए गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रांची भेजा गया। सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव और एक अन्य पुलिसकर्मी के भी घायल होने की सूचना है।

पप्पू कुमार शर्मा के मुताबिक, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले लाठीचार्ज किया गया। हालात नहीं सुधरने पर पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए चार राउंड हवाई फायरिंग की गई। घटना की सूचना मिलने पर चतरा के एसपी अनिमेष नैथानी रात में ही पुलिस बल के साथ सिदपा पहुंचे। स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके