Carav Gandhi Abduction : अपहृत युवा उद्यमी का पांच दिन बाद भी सुराग नहीं, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

कैरव गांधी के अपहरण पर झारखंड पुलिस की जांच जारी, केंद्रीय हस्तक्षेप की मांग।
जमशेदपुर: अपहृत युवा उद्यमी का पांच दिन बाद भी सुराग नहीं, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

जमशेदपुर: जमशेदपुर के चर्चित कारोबारी देवांग गांधी के युवा पुत्र कैरव गांधी (24) के अपहरण के पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली है। शनिवार देर रात जमशेदपुर पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन अपहृत कैरव गांधी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने इस प्रकरण को लेकर झारखंड की विधि व्यवस्था और सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

संजय सेठ ने कहा कि ऐसी घटनाएं साबित करती हैं कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है। झारखंड में कारोबारी, उद्योगपति और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री विदेशों में जाकर झारखंड में निवेश और उद्योग लगाने का निमंत्रण दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य के प्रतिष्ठित कारोबारी परिवारों के बच्चे तक सुरक्षित नहीं हैं।

झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “जमशेदपुर से एक युवा उद्यमी के अपहरण को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक कोई ठोस सुराग नहीं ढूंढ पाई है। उधर रांची के ओरमांझी का 12 वर्षीय कन्हैया पिछले दो महीनों से लापता है। झारखंड में गरीबों का अपहरण मानव तस्करी के लिए और अमीरों का अपहरण फिरौती के लिए किया जा रहा है। हालात बिल्कुल 90 के दशक वाले लालू के जंगलराज वाले बन चुके हैं। ऐसी विकट परिस्थितियों में भी मुख्यमंत्री विदेश में निवेशकों को आमंत्रित करने गए हैं, लेकिन क्या वे निवेशकों के सामने राज्य की बदहाल कानून व्यवस्था की सच्चाई भी रखेंगे?”

जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उनसे हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को टैग कर लिखे गए एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “झारखंड सरकार जमशेदपुर के युवा उद्यमी कैरव गांधी का सुराग नहीं लगा पाई है। सूचना आ रही है कि इसमें किसी अंतर्राज्यीय गिरोह का हाथ है। सवाल केवल अपहरण या फिरौती का नहीं, बल्कि एक युवक की जिंदगी का है। कृपया केंद्रीय एजेंसियों को सक्रिय करें।”

24 वर्षीय कैरव गांधी का अपहरण बीते मंगलवार को हुआ था। अपहरण के बाद परिजनों को एक विदेशी नंबर से पांच करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की गई थी। पुलिस ने इस मामले में सात विशेष जांच टीमों का गठन कर झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में छापेमारी शुरू की है।

साथ ही, कॉल डंप, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने का दावा किया जा रहा है, हालांकि तमाम दावों के बावजूद अब तक न तो अपहृत युवक की बरामदगी हो सकी है और न ही अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई है।

--आईएएनएस

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...