नई दिल्ली: कांग्रेस नेताओं की तरफ से 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर दिए जा रहे बयान पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने बुधवार को तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चरित्र और डीएनए भारतीय सुरक्षा बलों का अपमान करने का है।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "कांग्रेस पाकिस्तान के अंदर सबसे प्रसिद्ध पार्टी है। उन्हें समझ में आ गया कि भारत के अंदर पार्टी को जनसमर्थन नहीं मिल सकता, इसलिए राहुल गांधी अपने आका आसिफ मुनीर, शहबाज शरीफ और चीन के बैठे अपने हैंडलर से प्रेरणा ले रहे हैं। वह एक के बाद एक राष्ट्र विरोधी बयान या खुद दे रहे हैं या अपने नेताओं से दिलवा रहे हैं। ऐसे बयान इस बात की ओर इशारा करते हैं कि कांग्रेस पार्टी का चरित्र और डीएनए हमारे सुरक्षाबलों को अपमानित करने का है। चाहे सर्जिकल स्ट्राइक या बालाकोट एयर स्ट्राइक के वक्त सवाल पूछने की बात हो या फिर अब चीन और पाकिस्तान का नैरेटिव आगे ले जाना हो। यह ऐसे समय में किया जा रहा है, जब पूरी दुनिया मान रही है कि हमारी सेना पाकिस्तान में घुसकर रावलपिंडी से लाहौर तक आतंक के ठिकानों को नष्ट कर रही है। यह इस बात को दिखाता है कि कांग्रेस पार्टी का डीएनए प्रो-पाक है।"






