नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र में विपक्ष की मांग पर 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा हो रही है। हालांकि विपक्ष के भारी हंगामे के बीच सोमवार को सत्र को दोपहर 12 बजे से दो बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने इस पर विपक्ष पर 'ओछी राजनीति' करने का आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बताया, "भारतीय सेना के शौर्य और पहलगाम आतंकी हमले पर संसद में एक बहुत ही गंभीर चर्चा के लिए समय रखा गया था। यह मौका था जब पूरे विश्व में और खासकर आतंकिस्तान (पाकिस्तान) को एक मजबूत संदेश देना था कि भारत में सत्तारूढ़ और विपक्ष सभी एकजुट हैं। लेकिन कांग्रेस ने एक बार फिर देश के हर नागरिक को निराश किया और पाकिस्तान को क्लीन चिट देने की मंशा से यह स्पष्ट कर दिया कि राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा कांग्रेस पार्टी और कई अन्य विपक्षी दलों के लिए प्राथमिकता भी नहीं है। उनकी प्राथमिकता केवल पाकिस्तान को क्लीन चिट देना और ओछी, घटिया और नकारात्मक राजनीति करना है।"






