भोपाल: मध्यप्रदेश के भोपाल में लव जिहाद का मामला सामने आया है। जहां हिंदू छात्राओं को टारगेट कर पहले उनका यौन शोषण किया गया। वीडियो बनाकर ब्लैकमेल और फिर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव डाला गया। लव जिहाद के मामले में जांच के लिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम भोपाल पहुंच चुकी है। आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने बताया कि हमारी टीम जांच के लिए पहुंची है अगले दो दिन हम जांच करेंगे, जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने कहा, "हमें संगठित अपराध के एक गंभीर मामले की जानकारी मिली है। इसमें तस्करी शामिल है, जिसमें खास तौर पर हिंदू छात्राओं को निशाना बनाया गया, उन्हें नशीला पदार्थ दिया गया और रैगिंग की आड़ में बहका कर यौन शोषण किया गया। उनके वीडियो रिकॉर्ड किए गए और बाद में उनका इस्तेमाल ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के लिए किया गया। यह शिकायत मिली थी, हमारी टीम इस पूरे मामले की जांच करेगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन को लेकर कोई फंड कर रहा होगा, इससे इंकार नहीं किया जा सकता है।"






