लखनऊ: पीओके और पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को तबाह करने के लिए भारतीय सेना की ओर से सफलतापूर्वक ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया गया। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सैनिकों के जज्बे को सलाम करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बुधवार को 'भारत शौर्य तिरंगा यात्रा' निकाली गई। इस कार्यक्रम में यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, विधायक पंकज सिंह शामिल हुए।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान 'भारत शौर्य तिरंगा यात्रा' पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम शहर और पूरे देश में भारतीय सशस्त्र बलों को सलाम और सम्मान देने के लिए निकले हैं। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से जिस तरह से हमारी सेनाओं ने अपनी वीरता का परिचय दिया, वह सराहनीय है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद, पाकिस्तान समर्थित साजिशों और देश विरोधी तत्वों को निर्णायक रूप से कुचल दिया गया है, यह ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को दर्शाता है। विपक्ष पूरी तरह से पटरी से उतर चुका है और हर चीज में राजनीति तलाशता है।






