नई दिल्ली: भाजपा ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर मस्जिद में कथित तौर पर बैठक करने का आरोप लगाया है। इन आरोपों पर सपा सांसद डिंपल यादव ने पलटवार किया। उन्होंने पार्टी नेताओं का बचाव करते हुए कहा कि मस्जिद में कोई बैठक नहीं हुई और हम सभी वहां एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पार्टी के अन्य सांसदों की मस्जिद में बैठे हुए वायरल तस्वीर पर सांसद डिंपल यादव ने कहा, "ऐसा कुछ नहीं है। हमारे सांसद इमाम हैं और हम सभी लोग वहां एक सामाजिक कार्यक्रम के लिए गए थे। वहां कोई बैठक नहीं हुई। भाजपा की नीयत भ्रमित करने वाली रही है और वे देश के मूल उद्देश्य से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बातें कह रहे हैं। भाजपा का इरादा हमेशा गुमराह करने का रहा है। यह सरकार न तो एसआईआर पर बात करना चाहती है और न ही ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बात करना चाहती है। ये बहुत महत्वपूर्ण मुद्दे थे और इससे गुमराह किया जा रहा है।"






