Advertisement banner

28 वर्ष वालों के लिए खुशखबरी: एनसीआरटीसी में सुपरवाइजर समेत 67 पदों पर भर्ती शुरू, 9 अक्टूबर तक मौका

एनसीआरटीसी में 67 रिक्त पदों पर भर्ती, 10 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू
28

नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) में नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, एनसीआरटीसी ने सीधी भर्ती के आधार पर ऑपरेशन्स और मेंटेनेंस स्टाफ के विभिन्न 67 पदों पर रिक्तियों की घोषणा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर की है।

एनसीआरटीसी की ओर से जारी 67 रिक्तियों में सुपरवाइजर-I (ऑपरेशन्स) के 2, सुपरवाइजर-I (इलेक्ट्रॉनिक्स) के 18, सुपरवाइजर-I (इलेक्ट्रिकल) के 14, सुपरवाइजर-I (मैकेनिकल) के 3, सुपरवाइजर-I (सिविल) के 6, जूनियर मेंटेनर (इलेक्ट्रिकल) के 8, जूनियर मेंटेनर (फिटर) के 9, जूनियर मेंटेनर (आरएसी) के 5 और जूनियर मेंटेनर (इलेक्ट्रॉनिक्स) के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि की रात 11.55 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय के अनुसार पूर्णकालिक कोई भी इंजीनियरिंग डिग्री/इंजीनियरिंग डिप्लोमा, इंजीनियरिंग में 3 वर्ष का डिप्लोमा या इसके समकक्ष, पद से संबंधित ट्रेड में आईटीआई (एनसीवीटी/एससीवीटी) सर्टिफिकेट या इसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु सभी पोस्ट के लिए 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 10 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), चिकित्सा फिटनेस परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 18,250 से 1,15,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी (एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस और पूर्व सैनिक कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपए के साथ ट्रांजैक्शन प्रोसेसिंग चार्ज और लागू होने पर जीएसटी शामिल किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/पीएम