नई दिल्ली: नई दिल्ली में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयोजित 'फिट इंडिया कल्ट योगाथन' कार्यक्रम में कई मशहूर हस्तियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस मौके पर जानी-मानी अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, अभिनेता- निर्माता जैकी भगनानी और अभिनेत्री मधुरिमा तुली ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई। इस दौरान उन्होंने लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक और प्रेरित किया। साथ ही अपने अनुभव भी साझा किए।
इस खास मौके पर आईएएनएस से बात करते हुए जैकी भगनानी ने बताया कि किसने उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में फिटनेस को लेकर जागरूकता बढ़ी है। यहां मंत्री से मिलकर काफी अच्छा लगा, क्योंकि मंत्री खुद 'साइक्लोथॉन' और 'हर रविवार साइकिल चलाओ' जैसी पहल का हिस्सा हैं। मैं पहले कभी 150 किलो का था और अब 75 किलो वजन कम कर चुका हूं। आज इस पहल का हिस्सा बनकर मुझे गर्व महसूस हो रहा है।"






