नोएडा: जिले में कोविड संक्रमण के मामलों में फिर से इजाफा देखने को मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि छह महिलाओं समेत नौ और लोगों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। ये सभी मामले निजी लैब में कराई गई जांचों के बाद सामने आए हैं। नए मामलों के साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या अब 10 हो गई है। सभी मरीजों को फिलहाल होम आइसोलेशन में रखा गया है और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री और संपर्क में आए लोगों की जानकारी एकत्र करने में जुटी हैं।
इनमें से अधिकांश मरीज बिसरख ब्लॉक की विभिन्न सोसायटियों में रहने वाले हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने साफ तौर पर कहा है कि इस बार के कोविड से ज्यादा खतरा लोगों को नहीं है, लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है, ना कि डरने की। अभी तक के मिले सभी मरीजों का इलाज उनके घर में ही आइसोलेशन में हो रहा है। सभी में सर्दी, जुकाम और खांसी संबंधित शिकायत देखने को मिली हैं। मौसम में हो रहे अचानक बदलाव के कारण भी यह संभव है, लेकिन इसमें कोविड के कुछ लक्षण का आना लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।






