मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी इन दिनों अमेरिका यात्रा पर हैं। वह बोस्टन शहर में आयोजित प्रेरणादायक कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के जीवन को बेहतर बनाना था। यह कार्यक्रम 'कॉर्टिकल विजुअल इम्पेयरमेंट' (सीवीआई) यानी मस्तिष्क से जुड़ी दृष्टि संबंधी समस्या को लेकर था, जो आज के समय में बचपन में अंधेपन की सबसे बड़ी वजह बन चुकी है।
इस कार्यक्रम की कुछ तस्वीरें हेमा मालिनी ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर कीं और कैप्शन में लिखा, ''मैं इन दिनों अमेरिका की यात्रा पर हूं। यह सुंदर कार्यक्रम बोस्टन में हुआ और यह एक नेक उद्देश्य के लिए था। 'कॉर्टिकल विजुअल इम्पेयरमेंट' (सीवीआई) बचपन में अंधेपन का प्रमुख कारण है। हालांकि, सही इलाज से इसमें काफी सुधार किया जा सकता है। इस फंड रेजिंग कार्यक्रम का आयोजन अनुराधा जूजू, जूजूगाना और प्रशांत पलकुर्थी ने किया था, और यह विजन-एड नाम की संस्था के समर्थन में था। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मथुरा में जल्द ही ऐसे खास कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिनका मकसद सीवीआई से प्रभावित बच्चों की मदद करना है।''






