इस्लामाबाद: बलूचिस्तान प्रांत के किला अब्दुल्ला जिले में रविवार शाम को एक भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम 11 लोग घायल हो गए। यह धमाका गुलिस्तान इलाके के अब्दुल जब्बार मार्केट के पास हुआ। किला अब्दुल्ला के डिप्टी कमिश्नर रियाज खान ने बताया, प्रारंभिक जांच के अनुसार विस्फोटक सामग्री एक वाहन में रखी गई थी। बम डिस्पोजल स्क्वाड और सुरक्षा बलों को मौके पर बुला लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। रियाज खान ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद जिले के स्वास्थ्य मुख्यालय में आपातकाल घोषित कर दिया गया है, जहां घायलों को प्राथमिक चिकित्सा दी जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में बलूचिस्तान की सुरक्षा स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। लंबे समय से जारी विद्रोह के तहत सक्रिय आतंकवादी अब पहले से अधिक घातक और सटीक हमले कर रहे हैं। विशेष रूप से प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने अब नई रणनीतियां अपनाई हैं, जिनमें सुरक्षा बलों को सीधे निशाना बनाया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, लेवीज बल के रिसालदार गुलाब खान ने जानकारी दी कि धमाके के बाद आसपास मौजूद लेवीज कर्मियों और आम नागरिकों ने घायलों को बचाया और उन्हें तुरंत इलाज के लिए डिस्ट्रिक्ट हेल्थ हेडक्वार्टर चमन भेजा गया।घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं और अधिकारियों ने जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।






