मुंबई: वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी के शौकीन अभिनेता रणदीप हुड्डा का टाइगर या जंगलों से खासा लगाव है। लुप्तप्राय प्रजाति दिवस के मौके पर उन्होंने टाइगर के साथ तस्वीर शेयर की और बताया कि प्रकृति में संतुलन के लिए इनका रहना बेहद जरूरी है। अभिनेता का मानना है कि यदि इन्हें संरक्षित नहीं किया गया तो मानव का भविष्य भी अंधकारमय बन जाएगा।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि पृथ्वी में सब कुछ संतुलन पर ही निर्भर करता है। एक प्रजाति के लुप्त होने से कई प्रभावित होंगे। उन्होंने लिखा, “हमारी पृथ्वी, जिसे हम धरती माता कहते हैं, यहां संतुलित और संवेदनशील इको सिस्टम है। यहां एक प्रजाति के लुप्त होने से कई प्रभावित होंगे या इससे भी बदतर स्थिति आ जाएगी और अस्तित्व खत्म हो जाएगा। लुप्तप्राय प्रजाति दिवस पर आइए इस परस्पर निर्भरता की सुंदरता की सराहना करें और इसके प्रति सचेत रहें। यदि लुप्तप्राय प्रजातियों को संरक्षित नहीं किया गया, तो भविष्य में मनुष्य पर भी इसका असर पड़ेगा!”






