Anupam Kher Acting School : दिल्ली में खुला अनुपम खेर का नया एक्टिंग स्कूल, कहा, राजधानी अब साहस और कला का घर बन गई

अनुपम खेर का दिल्ली में नया एक्टिंग स्कूल, युवा कलाकारों को मिलेगा करियर बनाने का अवसर
दिल्ली में खुला अनुपम खेर का नया एक्टिंग स्कूल, कहा, राजधानी अब साहस और कला का घर बन गई

मुंबई: हिंदी सिनेमा के वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर सिनेमा में वर्सटाइल एक्टिंग स्किल के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने खुद हिंदी सिनेमा में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया, लेकिन साथ ही पर्दे पर कुछ बड़े स्टार्स की प्रतिभा को निखार कर उन्हें करियर बनाने में मदद की।

अभिनेता बीते 21 साल से मुंबई में अपना एक्टिंग स्कूल एक्टर्स प्रीपेयर्स चला रहे हैं, लेकिन उन्होंने दिल्ली के कलाकारों को सपनों की उड़ान देने के लिए नया एक्टिंग स्कूल दिल्ली में खोला है।

अनुपम खेर ने दिल्ली के कलाकारों को अपने सपने बिना भय के जीने का नया मौका दिया है और 31 जनवरी को दिल्ली में नए एक्टिंग स्कूल का उद्घाटन किया है। अभिनेता नए एक्टिंग स्कूल की ओपनिंग से बहुत खुश हैं क्योंकि अब एक्टिंग में अपना करियर बनाने वाले युवाओं को मुंबई का रुख नहीं करना पड़ेगा। अनुपम खेर ने वीडियो शेयर कर कहा, "राजधानी अब साहस और कला का घर बन गई है। एक ऐसी जगह जहां प्रतिभा को निखारा जाता है, कमजोरी ताकत बन जाती है, और सपनों को ईमानदारी और अनुशासन के साथ संवारा जाता है। अगर आपके मन में कहीं "क्या हो अगर?" की आवाज़ गूंजती है, अगर एक्टिंग आपका वो सपना है जिसे आपने अब तक के लिए टाल रखा था, तो ये रहा आपका पल।"

अभिनेता ने ये भी साफ किया कि उनके मुंबई के एक्टिंग स्कूल एक्टर्स प्रीपेयर्स ने दीपिका पादुकोण, कियारा आडवाणी, वरुण धवन, ऋतिक रोशन जैसे कई सुपरस्टारों को निखारा है। उन्होंने कहा, "हमने दीपिका पादुकोण, कियारा आडवाणी, वरुण धवन, ऋतिक रोशन जैसे कई सुपरस्टारों को आशा, भय और अटूट सपने से भरे हुए हमारी कक्षाओं में आते देखा है, और फिर वे ऐसे अभिनेता बनकर निकले जिन्होंने विश्वास करने का साहस दिखाया और अपने अनूठे तरीके से सफलता की कहानियां गढ़ीं।"

अब मुंबई की तरह दिल्ली में भी कलाकारों की कला को निखारने के लिए अभिनेता ने सिनेमा के आने वाले कल की नींव रख दी है। अब दिल्ली में कला सांस लेगी और उन्हें अपने सपनों को "काश" कहकर पछतावे की आग में नहीं जलाना पड़ेगा। 31 जनवरी को अनुपम खेर ने 'खोसला का घोसला-2' के अपने कोस्टार बोमन ईरानी के साथ मिलकर एक्टिंग स्कूल का उद्घाटन किया और दिल्ली से कलाकारों से जुड़ने की अपील की।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...