मुंबई: शादी का सीजन इन दिनों जोरों पर है। बॉलीवुड से लेकर आम घरों तक खुशियों का माहौल छाया हुआ है। इस बीच, अभिनेता अहान शेट्टी के परिवार में भी शादी हुई है। इस शादी की खास झलकियां अहान ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की।
अहान ने शादी के कुछ खास समारोह के वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया। इस वीडियो में अहान का परिवार नजर आ रहा है। अहान ने बताया कि भले ही उनके भाई प्रणव और वे बचपन से एक दूसरे के करीब नहीं थे, लेकिन दोनों जिंदगी के उतार-चढ़ाव में साथ थे। अभिनेता ने लिखा, "मेरे सबसे बड़े भाई प्रणव मेहरा, भले ही हम बचपन से ज्यादा करीब नहीं रहे और न ही हम अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर कर पाए, लेकिन आप हमेशा मेरे साथ खड़े रहे। मेरी निजी जिंदगी में जब चीजें मुश्किल थीं या फिर करियर को लेकर अनिश्चितता थी, तब आप ही थे जो घर आकर मुझे बैठाते और मेरे साथ ऐसी बातें करते थे जिनकी जरूरत उस समय मुझे होती थी, और उस दौरान इसके बारे में मुझे खुद भी नहीं पता होता था। मेरे जीवन में वे पल बहुत मायने रखते हैं, भले ही मैं कभी कह नहीं पाया।"






