Advertisement banner

बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर में उड़ान सेवाएं प्रभावित हुईं, एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी

बारिश

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश के चलते सोमवार को एक दर्जन से अधिक उड़ानें प्रभावित हो गई हैं। साथ ही, एयरलाइन ने एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले उड़ान का स्टेटस चेक करने को कहा है। यह जानकारी कई रिपोर्ट्स में दी गई।

सोशल मीडिया पर एयरलाइंस ने कहा कि कठिन मौसमी परिस्थितियों के कारण विमान के ऑपरेशन और शेड्यूल प्रभावित हुए हैं।

इंडिगो ने कहा कि वह स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और यात्रियों को सलाह दी कि वे फ्लाइट के रियल-टाइम अपडेट चेक करें और ट्रैफिक की वजह से होने वाली देरी को ध्यान में रखते हुए यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।

इंडिगो ने एक्स पर लिखा, "दिल्ली में खराब मौसम का असर फ्लाइट के शेड्यूल पर पड़ा है। हम मौसम पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और आपको सुरक्षित और आसानी से आपकी मंजिल तक पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।"

इसी तरह, एयर इंडिया ने चेतावनी दी कि मौसम की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है और यात्रियों से कहा कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें।

एयरलाइन ने कहा, "खराब मौसम की वजह से आज दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ सकता है।"

आकासा एयर ने बताया कि दिल्ली में खराब मौसम से उसके नेटवर्क की कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं, वहीं स्पाइसजेट ने चेतावनी दी कि इन हालात के कारण उड़ानों के आने-जाने और कनेक्टिंग उड़ानों में देरी हो सकती है।

आकासा एयर ने एक्स पर पोस्ट किया, "दिल्ली में खराब मौसम के कारण हमारे नेटवर्क की कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। हम समझते हैं कि इससे आपकी यात्रा की योजनाओं में परेशानी हो सकती है और हम आपसे धैर्य और समझदारी की उम्मीद करते हैं। हालांकि यह स्थिति पूरी तरह से हमारे नियंत्रण से बाहर है, लेकिन आप निश्चिंत रहें कि हमारी टीमें आपकी मदद के लिए हमेशा तैयार हैं।"

इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए मौसम संबंधी अलर्ट जारी किया है, जिसमें राजधानी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

इससे पहले, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने यात्रियों के लिए यात्रा संबंधी दिशानिर्देश जारी किए थे।

एएआई ने एक्स पर कहा, "यात्रा करने से पहले, अपने प्रस्थान और आगमन वाले शहरों में मौसम की स्थिति के बारे में जानकारी रखें।"

--आईएएनएस

एबीएस