Advertisement banner

शांतिकुंज परिवार राष्ट्रसेवा व आंतरिक सुरक्षा के संकल्प के साथ सक्रिय

शांतिकुंज में मॉकड्रिल, राष्ट्र सेवा व अनुशासन का दिया प्रेरक संदेश
 spiritual discipline India

हरिद्वार: शांतिकुंज परिवार राष्ट्रसेवा एवं सुरक्षा के प्रति अपनी जागरूकता को निरंतर क्रियान्वित कर रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जहाँ साधकगण आध्यात्मिक अनुष्ठानों में संलग्न हैं, वहीं आश्रमवासी जनजागरण रैलियों के माध्यम से समाज में राष्ट्रप्रेम का संदेश दे रहे हैं। संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी के निर्देशन तथा व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरी के नेतृत्व में बुधवार को शांतिकुंज परिसर में आंतरिक सुरक्षा हेतु एक मॉकड्रिल की गई। मॉकड्रिल में किसी असामाजिक तत्व के वेष में आश्रम में प्रवेश करने की स्थिति को दर्शाया गया, जिसमें शांतिकुंज सुरक्षा विभाग के सदस्यों ने तत्परता, कुशलता और संयम के साथ प्रतिक्रिया दी। इसके अतिरिक्त आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न सुरक्षात्मक उपायों का अभ्यास भी किया गया। इस अवसर पर अपने संदेश में संस्था अधिष्ठात्री शैलदीदी ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा केवल सीमाओं तक सीमित नहीं है, अपितु आंतरिक सजगता और अनुशासन भी उतने ही आवश्यक हैं। शांतिकुंज राष्ट्र सेवा, आत्मिक जागरण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए सदैव समर्पित है। व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरी ने बताया कि शांतिकुंज केवल एक आध्यात्मिक केंद्र ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाला जागरूक संगठन है। नित्य सायं ‘हम करें राष्ट्र का आराधन, तब होगा देश का नवनिर्माण’आदि जैसे प्रेरणाप्रद नारों के साथ निकलने वाली जनजागरण रैली निकाली जा रही है, जिसमें शांतिकुंज कार्यकर्ता सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षणार्थी भी भाग लेते हैं। यह रैली राष्ट्रीय भावना, अनुशासन और आत्मिक जागरूकता का सशक्त उदाहरण है।