हरिद्वार: खानपुर पुलिस ने ग्रामीण की हत्या का खुलासा करते हुए मृतक के हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। जिसने पूछताछ के दौरान पिता की गोली मारकर हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने हत्यारोपी बेटे की निशानदेही से हत्या में इस्तेमाल 12 बोर का तमंचा व खोखा बरामद कर लिया। खुलासा किया कि उसने पिता की रोज की रोक टोक और डांट से परेशान होकर हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ सम्बंगधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। इस घटना का खुलासा एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने खानपुर थाना परिसर में पत्रकार वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि 23 मई की देर रात्रि खानपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम हस्तमौली बस्ती निवासी सौरभ पुत्र मलखान द्वारा कंट्रोल रूप को सूचना दी कि उसके पिता की किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान मलखान पुत्र स्वर्गीय महेन्द्र सिंह के रूप में हुई। जिसके सीने में गोली मारी गई थी। पुलिस ने घटना के सम्बंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। लेकिन हत्या के सम्बंध में कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना की गहनता से जांच शुरू की तो प्रकाश में आया कि मृतक मलखान एक साधारण जीवन जीता था, जिसे शराब पीने की लत थी। उसका बड़ा पुत्र सूरज घर पर ही रहता था और अधिकतर समय मोबाइल में पबजी, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप आदि पर व्यर्थ करता था। मृतक का बेटा सूरज लड़कियों से भी फोन पर बातें किया करता था। जिस पर मृतक मलखान को आपत्ति थी।






